राजनीति

उत्तरकाशी पुलिस ने चलाया स्वच्छता अभियान, ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ का दिया संदेश

उत्तरकाशी, 22 जून 2025:जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तरकाशी के तत्वावधान में ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ अभियान के अन्तर्गत एक विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तरकाशी पुलिस ने पुलिस लाइन ज्ञानसू परिसर, फायर स्टेशन लदाडी समेत विभिन्न पुलिस स्टेशनों एवं शाखाओं में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस जवानों ने न केवल परिसर की सफाई की बल्कि श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दर्शायी। सभी ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली में अपनाएंगे तथा समाज के अन्य नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

पुलिस जवानों ने इस अवसर पर कहा कि “स्वच्छ भारत” के सपने को साकार करने हेतु प्रत्येक नागरिक का योगदान आवश्यक है। कार्यक्रम के माध्यम से आम जनमानस को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ जीवन का आधार है।

इस स्वच्छता अभियान में उत्तरकाशी पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने हाथों से सफाई कर एक मिसाल पेश की। अभियान के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने ‘स्वच्छता शपथ’ ली और भविष्य में इस मुहिम को सतत जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Back to top button