राजनीति

मातृशक्ति सम्मान समारोह में सम्मानित हुईं क्षेत्र की महिलाएं

सहसपुर। अंबीवाला स्थित वेडिंग प्वाइंट में त्रिकोण सोसायटी की ओर से मातृशक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं और क्षेत्र की कीर्तन मंडलियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व त्रिकोण सोसायटी की निदेशक एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर और प्रोत्साहन मिलना जरूरी है। उन्होंने बताया कि त्रिकोण सोसायटी महिलाओं और छात्र-छात्राओं के हित में विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित कर रही है। संस्था की ओर से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। शिक्षा, राजनीति, प्रशासन, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और प्रोत्साहन उन्हें नई ऊर्जा देने के साथ ही समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देता है।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को स्मृति चिह्न और साड़ियां भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा कीर्तन मंडलियों को आवश्यक कीर्तन सामग्री भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button