“एक युवा को नशे से बचाना, एक पूरे परिवार के भविष्य को बचाना है।” – नेहा शर्मा

सहसपुर/झाझरा। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के झाझरा स्थित पवित्र श्री बालाजी धाम में त्रिकोण सोसायटी द्वारा “नशा मुक्ति सेना” का शुभारंभ एवं प्रथम बैठक आयोजित की गई। अभियान का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना है।
त्रिकोण सोसायटी की निदेशक नेहा शर्मा ने कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार की सामाजिक, आर्थिक और भावनात्मक स्थिति पर गहरा असर डालता है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि युवाओं को समय रहते नशे की गिरफ्त से बचाकर शिक्षा, खेल, रोजगार, कौशल विकास और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोड़ा जाए। नशा मुक्त युवा ही सुरक्षित परिवार और सशक्त समाज की मजबूत नींव है। इस अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास किया जाएगा।”
इसके उपरांत बैठक की अध्यक्षता श्रीमती सुनीता तिवारी जी द्वारा की गई। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए स्वयंसेवकों से क्षेत्र में निरंतर जन-जागरूकता बढ़ाने और युवाओं एवं अभिभावकों से संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
बैठक में नशे की बढ़ती समस्या, युवाओं में जागरूकता, परिवार एवं अभिभावकों की भागीदारी, गांव और वार्ड स्तर पर नशा विरोधी अभियान तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी स्वयंसेवकों ने अपने सुझाव भी साझा किए।
इस अवसर पर मनीष डंगवाल जी, सुरजीत निरवालिया जी, महिपाल देउपा जी, रवि भट्ट जी, सुरेश भट्ट जी, योगेश जोशी जी, किरन पंवार जी, कुसुमलता पंवार जी, चन्द्रकला भट्ट जी, गायत्री भट्ट जी, हंसा धामी जी, मंजू देवी जी एवं रीता रानी जी सहित नशा मुक्ति सेना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
श्री बालाजी धाम के पवित्र प्रांगण में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर युवा पीढ़ी को नशे से बचाने, परिवारों को जागरूक करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
त्रिकोण सोसायटी द्वारा आगामी समय में युवा संवाद, अभिभावक संवाद, जन-जागरूकता अभियान एवं सामाजिक सहभागिता कार्यक्रमों के माध्यम से “नशा मुक्ति सेना” को व्यापक स्तर पर सक्रिय किया जाएगा।
संकल्प — नशा मुक्त युवा, सुरक्षित परिवार, सशक्त समाज।



